गोवर्धन विलास थाने के पास जीवन तारा रिसोर्ट पर मिलती अवैध शराब पर आबकारी का छापा !
दीपावली पर पर्यटकों की उदयपुर में बहार आयी हुई है वहीं कई जगह होटल में अवैध शराब सहित अन्य सामग्री खुले आम बेची जा रही है। शहर के कई होटल अवैध शराब परोस रहे है और नियमित बंदी के कारण इन पर कार्यवाही स्थानीय पुलिस करने से बच रही है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने मंगलवार शाम को गोवर्धन विलास थाना के सामने गली में स्थित जीवनतारा रिसोर्ट पर छापा मार कर शराब का अवैध बार पकड़ भारी मात्रा में विदेशी शराब भी बरामद की है।
गौरतलब बात ये है कि जीवनतारा रिसोर्ट जो कि गोवर्धन विलास थाना के सामने गली में नजदीक ही स्थित है वहाँ अवैध शराब और बार के कारोबार पर अब तक उदयपुर पुलिस की नज़र नहीं पडना ढेरों सवाल खड़े करता है। आबकारी टीम ने जीवन तारा रिसोर्ट के मैनेजर सहित अन्य 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जब्त की गई अवैध शराब की कीमत तक़रीबन डेढ़ से दो लाख रुपये मानी जा रही है। शहर के अन्य होटल और रिसोर्ट में इसी तरह गठजोड़ से शराब सहित अन्य नशे की सामग्री बेची जा रही है जिस पर उदयपुर पुलिस को कार्यवाही करने की जरुरत है।