27 जुलाई 2022 : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से ED की पूछताछ के विरोध में कांग्रेस का सत्याग्रह पूरे देश में चल रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से ईडी की लगातार तीसरे दिन भी पूछताछ को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार और ईडी पर बड़ा हमला बोला है। इसी मामले को लेकर राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि ईडी द्वारा देश में तमाशा किया जा रहा है। राहुल गांधी को बुलाकर पांच दिन पूछताछ की गई। आज सोनिया जी को तीसरी बार बुलाया गया है। ईडी का आतंक पूरे देश में है. ईडी का कनविक्शन रेट 5% भी नहीं है। ये लोकतंत्र में उचित नहीं है। ED का उपयोग सरकारें गिराने के लिए किया जा रहा है। 28 दिन से महाराष्ट्र में मंत्रीमंडल नहीं बना है। देश में महंगाई और बेरोजगारी को लेकर पूरा देश चिंतित है। ये पार्लियामेंट के अंदर बहस नहीं करने देते। कल 19 सांसदों को सस्पेंड कर दिया। कांग्रेस के शासन में सांसदों को सस्पेंड नहीं किया जाता था। पूरा देश इस स्थिति से घबराया हुआ है।
गहलोत ने आगे कहा कि कल पूरे दिन मीडिया में सोनिया गांधी पर चर्चा होती रही। मीडिया में महंगाई और बेरोज़गारी को लेकर चर्चा नहीं होती। मीडिया दबाव के अंदर है। मीडिया मालिक घबराए हुए हैं कि कब ईडी आ जाए। मैं चाहता हूं सुप्रीम कोर्ट ईडी को लेकर जल्द फैसला करे। ई़डी ने आतंक की स्थिति बना दी है।