Breaking News

Dr Arvinder Singh Udaipur, Dr Arvinder Singh Jaipur, Dr Arvinder Singh Rajasthan, Governor Rajasthan, Arth Diagnostics, Arth Skin and Fitness, Arth Group, World Record Holder, World Record, Cosmetic Dermatologist, Clinical Cosmetology, Gold Medalist

Current News / जिला प्रभारी मंत्री ने प्रेस वार्ता कर बजट 2026-27 में कोटपूतली-बहरोड़ को मिली विभिन्न सौगातों एवं विकास कार्यों पर की चर्चा

clean-udaipur जिला प्रभारी मंत्री ने प्रेस वार्ता कर बजट 2026-27 में कोटपूतली-बहरोड़ को मिली विभिन्न सौगातों एवं विकास कार्यों पर की चर्चा
Aayushman Bhatt March 21, 2026 10:29 AM IST


जयपुर, 20 मार्च। राजस्व, उपनिवेशन एवं सैनिक कल्याण राज्यमंत्री मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री श्री विजय सिंह चौधरी ने शुक्रवार को कोटपूतली-बहरोड़ कलेक्ट्रेट  में प्रेस वार्ता कर राज्य बजट 2026-27 में जिले को मिली विभिन्न सौगातों की विस्तार से जानकारी देते हुए स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की।

श्री सिंह ने कहा कि  प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और  मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार प्रदेश के समग्र विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में राज्य सरकार के बजट में हर वर्ग का ध्यान रखते हुए कोटपूतली-बहरोड़ जिले के लिए भी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं।

उन्होंने  बताया कि दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के नीमराणा क्षेत्र में औद्योगिक और पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 1012 करोड़ रुपये की लागत से कृत्रिम जलाशय और फीडर निर्माण का कार्य किया जाएगा, जिसमें आगामी वर्ष 200 करोड़ रुपये व्यय किया जाना प्रस्तावित है। कोटपूतली में कृषि उपज मंडी में विकास कार्य किए जाएंगे। कोटपूतली से बानसूर सीमा तक सड़क निर्माण कार्य 15 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। अम्बेडकर अनुसूचित जनजाति छात्रावास, बेरीसाल (नारायणपुर) का निर्माण भी किया जाएगा।

बानसूर विधानसभा क्षेत्र के चतरपुरा पशु चिकित्सा उप केंद्र को पशु चिकित्सालय में क्रमोन्नत किया जाएगा। बहराम का बास में 33/11 केवी जीएसएस का निर्माण किया जाएगा। बानसूर में खेल स्टेडियम और बस स्टैंड का निर्माण कराया जाएगा। हमीरपुर से हरसोरा वाया बामनवास तक सड़क चौडाईकरण एवं सुदृढ़ीकरण 15 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। नारायणपुर रोड (एनएच-52) से अलवर रोड (एमडीआर-25) तक सड़क कार्य के लिए 4 करोड़ 50 लाख रुपये  का बजट प्रावधान किया गया है।

विराटनगर विधानसभा क्षेत्र के लाडा का बास में 33/11 केवी जीएसएस का निर्माण किया जाएगा। भाबरू से लुहाकना कला तक सड़क निर्माण 8 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। राजनौता से मंढ़ा, कैरोड़ी होते हुए एमडीआर-188 तक सड़क चौड़ाईकरण 7 करोड़ 56 लाख रुपये में किया जाएगा। पावटा-विराटनगर में जल संसाधनों के तहत एनीकट निर्माण और मरम्मत कार्य भी कराए जाएंगे।

बहरोड़ विधानसभा क्षेत्र के जखराना के पशु चिकित्सालय का प्रथम श्रेणी चिकित्सालय में क्रमोन्नयन किया जाएगा। एनसीआर क्षेत्र वायु गुणवत्ता निगरानी के लिए सीएएक्यूएमएस  स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। बर्डोद महल में ईको टूरिज्म स्थल विकसित किया जाएगा। एसएच-14 अलवर-बहरोड़-नारनौल सड़क निर्माण के लिए 1 करोड़ 20 लाख रुपये बहरोड़-कुंड सड़क एसएच-111 सड़क निर्माण के लिए 11 करोड़ रुपये  शाहजहांपुर-बर्डोद रोड (एमडीआर-206) पर सीसी और नाला निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपये  का बजट प्रावधान है।

उन्होंने बताया कि 2 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से एनएच-48 दहमीं फ्लाईओवर से एसएच-14 तक सड़क निर्माण कार्य करवाया जायेगा। 22 करोड़ रुपये की लागत से उंटोली-कोहराना एसएच-14 सड़क निर्माण कार्य करवाया जायेगा।

 उन्होंने कहा कि ये सभी घोषणाएं क्षेत्र के विकास को नई गति देंगी और आमजन को सीधा लाभ पहुंचाएंगी। इसी के साथ नीमराणा में नवीन औद्योगिक क्षेत्र विकसित किये जायेंगें। वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय नीमराणा में खोला जायेगा।

सरकार द्वारा इसी क्रम में राजस्थान के बजट 2026-27 के अंतर्गत प्रदेशभर में उपहार विक्रय केंद्र, उपभोक्ता भंडार, बालगृह, नमो नर्सरी, मिनी सचिवालय, विभिन्न कार्यालय भवन, अभय कमांड सेंटर, एससी-एसटी वृत कार्यालय, मानव तस्करी विरोधी इकाइयाँ, ईको कूलिंग शेल्टर तथा मानसिक स्वास्थ्य देखभाल केंद्र स्थापित किए जाने प्रस्तावित हैं। उन्होंने कहा कि ये केवल घोषणाएँ नहीं, बल्कि हमारे जिले के समग्र विकास की मजबूत नींव हैं।

इस दौरान विधायक कोटपूतली श्री हंसराज पटेल, जिला कलेक्टर श्रीमती प्रियंका गोस्वामी, जिला पुलिस अधीक्षक श्री सतवीर सिंह, अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्री ओमप्रकाश सहारण मौजूद रहे।

  • fb-share
  • twitter-share
  • whatsapp-share
clean-udaipur

Disclaimer : All the information on this website is published in good faith and for general information purpose only. www.newsagencyindia.com does not make any warranties about the completeness, reliability and accuracy of this information. Any action you take upon the information you find on this website www.newsagencyindia.com , is strictly at your own risk
#

RELATED NEWS