सिरसा,07 फरवरी 2022 : पंजाब व यूपी चुनाव से ठीक पहले रोहतक की सुनारिया जेल में बंद गुरमीत राम रहीम को हरियाणा सरकार ने 21 दिन की फर्लो (छुट्टी) दे दी है। दुष्कर्म और हत्या के अपराध में सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को पैरोल पर जेल से रिहा किया जाएगा। फिलहाल गुरमीत राम रहीम हरियाणा की रोहतक जेल में सजा काट रहा है। यहाँ ध्यान देने वाली बात ये है कि पंजाब में चुनाव से ठीक 13 दिन पहले गुरमीत राम रहीम जेल से छोड़ा जा रहा है।
आपको बताते चले कि पंजाब की राजनीति में डेरों का बड़ा दखल होता है और 23 जिलों में छोटे बड़े लगभग 300 के आसपास डेरे हैं।
गुरमीत राम रहीम का डेरा सच्चा सौदा हरियाणा के सिरसा जिले में स्थित है। इसका पंजाब की तकरीबन 69 सीटों पर गहरा प्रभाव और राजनीतिक पहुँच है।
हाल ही में सिरसा डेरा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम का 21 दिन की फर्लो यानी छुट्टी का आवेदन हरियाणा जेल विभाग मंजूर कर चुका है।
इससे पहले राम रहीम को सीबीआई की विशेष कोर्ट ने 2 साध्वियों से रेप मामले में अगस्त 2017 में सजा सुनाई थी। बाद में पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड व रणजीत हत्याकांड में भी गुरमीत राम रहीम को सजा सुनाई गई थी।