वीडियो: फ़तहसागर झील किनारे प्रतिबंधित क्षेत्र में बेरोकटोक निर्माण,प्रशासन अतिक्रमियों के आगे नतमस्तक !
पैसा पूरी दुनिया में बोलता है और उदयपुर में इसने अपने पाँव इस कदर पसारे है कि अगर आपके पास इसकी शक्ति है तो आप गोया फतहसागर की पाल पर भी मकान बनवा ले। जी हाँ ! अगर आपकी जेब में दम होगा तो आप उदयपुर में कहीं पर भी नियमो को धता बता सकते है। आप माननीय हाई कोर्ट की आदेशों की अवहेलना कर सकते है। आप नगर निगम के अतिक्रमण विरोधी दस्ते को मैनेज कर सकते है। आप नगर विकास के नियमों की अनदेखी कर सकते है क्योंकि पैसा बोलता है।
ऐसा ही एक वाक्या हाल में न्यूज़ एजेंसी इंडिया के गुणी पाठक और एक जिम्मेदार नागरिक गुरविंदर सिंह जी ने सोशल मीडिया पर उठाया है जिसमे फतहसागर झील के ठीक सामने एस पी बँगले के पास निर्माण होता दिख रहा है।आप कभी भी दिन भर यहाँ पर्दे के पीछे निर्माण कार्य चलता देख सकते है। ये अभी तक पता नहीं चल पाया है कि निंर्माण के सम्बन्ध में कोई स्वीकृति निर्माणकर्ता के पास है या नहीं ?
अगर स्वीकृति है तो ऐसे निर्माण निषिद्ध क्षेत्र में कैसे अनुमति दे दी गयी ? जहाँ गरीब शहर वासी जिनके मकान झील किनारे बने है,उन्हें अपनी वाजिब जरुरत के लिए स्वीकृति नहीं मिल पाती है।
और यदि निर्माण स्वीकृति नहीं मिली है तो प्रशासन पिछले 60 दिनों से अपनी आँख पर पट्टी बाँधे किस कारण ध्रतराष्ट्र बना बैठा है ? क्या नियम कायदे सिर्फ गरीब जनता के लिए है ? पूरा उदयपुर जवाब मांग रहा है !