राजस्थान के अलवर जिले के कठुमर से विधायक बाबूलाल बैरवा के भजीते पर रेप केस दर्ज हुआ है। आरोपी भतीजा वीरेंद्र उर्फ वीरू बैरवा विधायक के पीए के रूप में काम करता है। उसके खिलाफ एक 43 वर्षीय विवाहित महिला ने खेडली थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। दर्ज मुकदमे के अनुसार वीरू धमकी देकर 2 साल से महिला से दुष्कर्म कर रहा था। हालांकि कांग्रेस विधायक बैरवा ने इसे राजनीतिक साजिश करार दिया था।
वीरेंद्र उर्फ वीरू ,खेड़ली नगरपालिका से मनोनीत पार्षद भी है। वीरू बैरवा की गिरफ्तारी के बाद कोर्ट में पेशी हुई और, कोर्ट ने विधायक के पीए वीरू बैरवा को जेल भेज दिया है।
क्या है मामला ?
खेड़ली थाना इलाके की रहने वाली एक 43 वर्षीय महिला का आरोप है कि विधायक के भतीजे ने परिवार को जान से मारने की धमकी देकर 2 साल से देह शोषण किया। आरोपी ने पीड़िता को आंगनबाड़ी और अन्य किसी विभाग में सरकारी नौकरी में लगवाने का झांसा दिया और उसके साथ बार-बार दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि अश्लील वीडियो और फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई। लगातार देह शोषण किया गया। यही नहीं आरोपी पर राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल करते हुए पीड़िता के पति को कई बार पुलिस की धमकी देकर थाने में ले जाकर प्रताड़ित करने का आरोप भी लगाया गया है।