जयपुर, 25 अगस्त। राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रवासी राजस्थानी कार्य विभाग (डोरा) की आयुक्त डॉ. मनीषा अरोड़ा ने मंगलवार को राजस्थान संपर्क 181 हेल्पलाइन केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिवादों की स्थिति, पोर्टल पर उनकी श्रेणीवार प्रविष्टि, शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया तथा लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डॉ. अरोड़ा ने शिकायतों की प्रकृति, संबंधित विभागीय स्तर तथा निस्तारण की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को परिवादों के प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की फोन पर बात कर महत्वपूर्ण मामलों में तत्काल संज्ञान लिया और मौके पर ही कार्रवाई सुनिश्चित की। उन्होंने इस दौरान खैरतल निवासी श्री सेवाराम की क्षेत्र में बिजली आपुर्ति से संबंधित समस्या के समाधान पर चर्चा की। इसी प्रकार अलवर जिले के श्री महेंद्र से बात कर इन्हें जन्म प्रमाण पत्र बनवाने में आ रही समस्या के समाधान के लिए मौके पर संबंधित अधिकारी से फोन पर बात कर त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देशित किया कि आमजन से जुड़े इस संवेदनशील कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। राजस्थान संपर्क पोर्टल राज्य सरकार का एक अत्यंत महत्वपूर्ण माध्यम है और आमजन को समय पर न्याय एवं राहत उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।