मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के दावे खारिज न हो पाएं- चिकित्सा शिक्षा सचिव
जयपुर, 24 अगस्त। चिकित्सा शिक्षा सचिव वैभव गालरिया ने निर्देश दिए हैं कि राजकीय मेडिकल कॉलेजों से संबद्ध सभी अस्पताल मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ प्रत्येक लाभार्थी तक हर हाल में एवं त्वरित गति से पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमत्री अशोक गहलोत की ये दूरदर्शी योजना है जो कोविड काल और उसके पश्चात के समय में नागरिकों को चिकित्सकीय खर्चे में बड़ी राहत प्रदान कर सकती है।
गालरिया मंगलवार को शासन सचिवालय से आयोजित वर्चुअल बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में मेडिकल कॉलेजों से संबद्ध चिकित्सालयों के कार्डियोलॉजी, सी.टी.वी.एस., जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, न्यूरोलॉजी, न्यूरोसर्जरी, ऑन्कोलॉजी एवं रेडिएशन, ट्रोमा, ऑफ्थेलमोलॉजी-ई.एन.टी. तथा ऑर्थोपेडिक विभागों में मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।
चिकित्सा शिक्षा सचिव ने चिरंजीवी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में कोटा मेडिकल कॉलेज की सराहना की। उन्होंने सभी अस्पतालों को ये ध्यान रखने के निर्देश दिए कि मरीजों के दावे खारिज न हों। इसके लिए वेबसाइट पर रोगी के तमाम दस्तावेज यथासमय अपलोड किए जाएं। साथ ही, लाभार्थियों तक चिरंजीवी योजना का अधिकाधिक लाभ पहुंचाने के लिए इसे प्राथमिकता देने और चिकित्सा महाविद्यालयों के प्राचार्यो को व्यक्तिगत मॉनीटरिंग के निर्देश भी दिए।
बैठक में राजस्थान स्टेट हैल्थ एश्योरेंस एजेंसी की मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुश्री अरुणा राजोरिया ने योजना क्रियान्वयन की समीक्षा का प्रजेंटेशन दिया। उन्होंने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में कुछ सुझाव भी दिए जिनमें एकल पैकेज, समन्वित सॉफ्टवेयर का उपयोग, भर्ती होने वाले रोगियों का जनआधार नंबर लेने, स्पेशियलिटी अनुसार मॉनीटरिंग, अस्पताल परिसर में चिरंजीवी काउंटर की द्वश्यता बढ़ाने तथा स्टाफ को प्रोत्साहित करना आदि शामिल है।
इस वर्चुअल समीक्षा बैटक में चिकित्सा शिक्षा आयुक्त श्रीमती शिवांगी स्वर्णकार तथा विभाग के अन्य अधिकारियों के साथ ही राजकीय चिकित्सा महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं विभागाध्यक्ष भी सम्मिलित हुए। मंगलवार को इस समीक्षा बैठक का पहला चरण आयोजित हुआ। 25 और 26 अगस्त को समीक्षा बैठक का दूसरा और तीसरा चरण आयोजित किया जाएगा।
Disclaimer : All the information on this website is published in good faith and for general information purpose only. www.newsagencyindia.com does not make any warranties about the completeness, reliability and accuracy of this information. Any action you take upon the information you find on this website www.newsagencyindia.com , is strictly at your own risk

https://play.google.com/store/apps/details?id=com.wincompete&hl=en