दिल्ली हिंसा में हिंसक भीड़ के चंगुल से एक मुस्लिम परिवार को बचाया हिन्दू भाजपा पार्षद ने !
एक ओर जहां नागरिकता संशोधन कानून पर दिल्ली के कई इलाकों में हिंसक झड़प जारी है, वहीं भारतीय जनता पार्टी के एक पार्षद ने हिंसक भीड़ के चंगुल से एक मुस्लिम परिवार और उसके घर को बचाकर इंसानियत की मिसाल पेश की है। हिंसा के बीच दिल्ली के यमुना विहार से भाजपा के वार्ड पार्षद प्रमोद गुप्ता मुस्लिम शख्स शाहिद सिद्दीकी के परिवार की मदद के लिए आगे आए और लगभग 150 लोगों की हिंसक भीड़ से उनके घर को आग के हवाले होने से बचाया। बता दें कि सीएए को लेकर नॉर्थ ईस्ट दिल्ली हिंसा में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है।
शाहिद सिद्दीकी ने बताया कि बीती रात की घटना को लेकर कहा कि भीड़ ने अचानक नारे लगाते हुए पड़ोस की ओर बढ़ना शुरू कर दिया। भीड़ ने उस ओर से प्रवेश किया जहां पुलिस ने बैरिकेडिंग नहीं लगा रखा था और यही रास्ता मुस्लिम बहुल इलाके की ओर जाता था। सिद्दिकी ने कहा कि यह घटना करीब 11.30 बजे की है। सिद्दीकी ने कहा कि भीड़ ने पहले उनके घर के नीचे एक बुटीक जलाया, जो उनके किराएदार का था। उसके बाद उनके परिवार की एक कार और मोटरबाइक को भी भीड़ ने जला दिया।भीड़ ने हमारे गैराज से हमारी कार और एक मोटरसाइकिल निकाली और उसमें आग लगा दी। उन्होंने मेरे किराएदार के बुटीक को भी नुकसान पहुंचाया, जिससे कम से कम 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ।'
हालांकि, इसके तुरंत बाद भाजपा के पार्षद प्रमोद गुप्ता जो कि सिद्दीकी के लंबे समय से दोस्त हैं, परिवार के बचाव में आए और भीड़ को उन्हें या उनकी संपत्ति को और ज्यादा नुकसान पहुंचाने से रोका। हिंसक भीड़ से सिद्दीकी अपने परिवार के साथ मुश्किल से बच पाए, जिसमें दो महीने का एक बच्चा भी था। सिद्दीकी ने कहा कि जैसे ही हमें किसी अनहोनी का एहसास हुआ, तुरंत अपने परिवार के साथ भागे। बाद में पता चला कि यह भाजपा के वार्ड पार्षद प्रमोद गुप्ता थे, जिन्होंने भीड़ को हमारे घर को आग लगाने से रोका।