अमेरिका के अरबपति जॉर्ज सोरोस के भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए बयान ने राजनीतिक भूचाल ला दिया है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि पीएम मोदी जॉर्ज सोरोस के निशाने पर हैं। आपको बताते चले कि जॉर्ज सोरोस ने अडानी मुद्दे पर पीएम मोदी पर निशाना साधा था और अब सोरोस ने दावा किया है कि अडानी के मुद्दे पर भारत में एक लोकतांत्रिक परिवर्तन होगा। हालांकि, यह पहला मौका नहीं है जब सोरोस ने पीएम मोदी पर निशाना साधा है। इससे पहले 2020 में जॉर्ज ने कहा था कि मोदी के नेतृत्व में भारत तानाशाही व्यवस्था की ओर बढ़ रहा है।
जॉर्ज सोरोस ने म्यूनिख सिक्योरिटी कॉन्फ्रेंस दौरान कहा कि भारत का मामला दिलचस्प है। भारत लोकतांत्रिक देश है, लेकिन नरेंद्र मोदी लोकतांत्रिक नहीं हैं। मोदी के तेजी से बड़ा नेता बनने के पीछे अहम वजह मुस्लिमों के साथ की गई हिंसा है। सोरोस ने कहा, भारत क्वाड का मेंबर है जिसमें ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका और जापान भी उसके साथ है। लेकिन भारत इसके बावजूद रूस से बड़े डिस्काउंट पर तेल खरीद रहा है और मुनाफा कमा रहा है। जॉर्ज ने कहा कि हिंडनबर्ग रिसर्च के दावों के बाद गौतम अडानी के साम्राज्य में उथल पुथल मची हुई है। इसकी वजह से निवेशकों का विश्वास हिल गया है। मोदी और अडानी एक दूसरे के सहयोगी हैं। अडाणी ने स्टॉक मार्केट से फंड रेज करने की कोशिश की जिसमें वो फेल हो गए। उन पर स्टॉक मार्केट के नियमों का उल्लंघन करने के आरोप हैं। मोदी इस पूरे मामले में चुप्पी साधे हुए हैं लेकिन विदेशी निवेशकों और संसद में उठ रहे सवालों का जवाब देना होगा।
मामले पर स्मृति ईरानी ने दावा किया कि सोरोस ने भारत समेत विश्व की लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं में हस्तक्षेप के लिए एक अरब डॉलर से अधिक का कोष बनाया है। उन्होंने कहा, ‘एक विदेशी ताकत जिसके केंद्र बिंदु में जॉर्ज सोरोस हैं… उन्होंने ऐलान किया है कि वह हिंदुस्तान के लोकतांत्रिक ढांचे पर चोट करेंगे… वह प्रधानमंत्री मोदी को अपने वार का मुख्य बिंदु बनाएंगे… वह हिंदुस्तान में अपनी विदेशी ताकत के अंतर्गत एक ऐसी व्यवस्था बनाएंगे जो हिंदुस्तान के हितों का नहीं बल्कि उनके हितों का संरक्षण करेगी.’ ईरानी ने कहा, ‘आज देश के आवाम से मैं अपील करना चाहती हूं… चाहे आप व्यक्ति हों, संगठन हों या राजनीतिक दल हों… इसका मुंहतोड़ जवाब देना है.’
उन्होंने जॉर्ज सोरोस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस व्यक्ति ने इंग्लैंड के बैंक को तोड़ दिया, एक व्यक्ति जिसे आर्थिक युद्ध अपराधी के रूप में नामित किया गया है, उसने अब भारतीय लोकतंत्र को तोड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने ऐलान किया है कि वो प्रधानमंत्री मोदी को अपने वार का मुख्य बिंदु बनाएंगे। स्मृति ईरानी ने कहा कि सोरोस ने ऐलान किया है कि वो हिंदुस्तान में अपनी विदेशी ताकत के अंतर्गत एक ऐसी व्यवस्था बनाएंगे, जो हिंदुस्तान नहीं बल्कि उनके हितों का संरक्षण करेगी।