05 जनवरी 2022 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Modi) की फिरोजपुर यात्रा में सुरक्षा चूक होने का संवेदनशील मामला सामने आया है। प्रधानमंत्री की फिरोजपुर यात्रा एक फ्लाईओवर पर करीब 20 मिनट फंसने के बाद रद्द कर दी गई और साथ में प्रधानमंत्री मोदी का पंजाब दौर रद्द कर दिया है।
केंद्र सरकार ने इसे प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा में चूक मानते हुए कहा कि प्रदर्शनकारियों की वजह से पीएम मोदी वहां 15-20 मिनट फंसे रहे। इसी कारण पीएम मोदी फिरोजपुर में बिना कार्यक्रम में हिस्सा लिए ही बठिंडा एयरपोर्ट पर वापस लौट गए है। केंद्र सरकार ने पंजाब की कांग्रेस सरकार को इस चूक का जिम्मेदार माना है।
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी हुसैनीवाला में राष्ट्रीय शहीद स्मारक जाने के लिए बठिंडा पहुंचे थे, जहाँ से उन्हें हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल पर जाना था, लेकिन बारिश और खराब मौसम के कारण मोदी के काफिले ने लगभग 20 मिनट इंतजार किया । इसके बाद यह फैसला लिया गया कि वह सड़क मार्ग से राष्ट्रीय शहीद स्मारक का दौरा करेंगे, जिसमें दो घंटे से अधिक समय लग सकता है।पंजाब के डीजीपी की ओर से जरूरी सुरक्षा इंतजाम की पुष्टि के बाद सड़क मार्ग से उनका काफिला आगे बढ़ा ।हुसैनीवाला स्मारक से लगभग 30 किमी दूर, जब पीएम मोदी का काफिला एक फ्लाईओवर पर पहुंचा, तो वहाँ प्रदर्शनकारियों ने सड़क को बंद कर रखा था।



इसके बाद गृह मंत्रालय ने कहा, 'प्रधानमंत्री 15-20 मिनट तक फ्लाईओवर पर फंसे रहे. यह प्रधानमंत्री की सुरक्षा में एक बड़ी चूक है।प्रधानमंत्री के कार्यक्रम और यात्रा योजना के बारे में पंजाब सरकार को पहले ही अवगत करवा दिया गया था। प्रोटोकॉल के अनुसार पंजाब सरकार को सुरक्षा के साथ-साथ अन्य इंतजाम करने चाहिये थे।आकस्मिक योजना के मद्देनजर पंजाब सरकार को सड़क मार्ग से किसी भी आवाजाही को सुरक्षित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा तैनात करना चाहिए था. जो कि नहीं किया गया।'