जयपुर, 24 मार्च। सामाजिक न्याय व अधिकारिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री दिनेश कुमार ने विभागीय अधिकारियों की बैठक लेते हुए कहा कि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक तय समयावधि में पहुंचाना ही विभाग की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
श्री कुमार ने पदभार संभालने के बाद पहली बार मंगलवार को सचिवालय स्थित अपने कक्ष में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निदेशक श्री आशीष मोदी ने बैठक में स्कैमेटिक बजट, बजट घोषणा वर्ष 2024-25 से 2026-27 एवं मुख्यमंत्री निर्देशों की समीक्षा, भारत सरकार से बजट आवंटन एवं उपयोगिता प्रमाण पत्र की समीक्षा सहित विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
बैठक में वित्तीय सलाहकार श्रीमती अंजू सिंह, अतिरिक्त निदेशक श्री जेपी बैरवा, श्रीमती नसीम खान, श्री रामेश्वर लाल परसोया, श्रीमती रीना शर्मा, श्री सूंडाराम मीणा, श्री अशोक जांगिड़, श्री अरविंद कुमार सैनी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।