देहरादून, 15 जनवरी 2022: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 का समर कांग्रेस के लिए टेढ़ी खीर बनता जा रहा है।एक तरफ जहां कांग्रेस के सभी बड़े नेता दिल्ली में प्रत्याशियों का नाम फाइनल करने में जुटे हुए हैं, तो दूसरी तरफ उत्तराखंड में कई कांग्रेसी नेता बगावती सुर अलापते नजर आ रहे हैं। उत्तराखंड में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष और 'लड़की हूं' कैम्पेन की पोस्टर गर्ल यूपी महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष ‘प्रियंका मौर्या’ टिकट ना मिलने से नाराज होती दिखाई दे रही है और कहा- प्रियंका के सेक्रेट्री संदीप सिंह को पैसे नहीं दे पाई तो उनका टिकट काट दिया गया है।
दूसरी ओर उत्तराखंड महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सरिता आर्य ने साफ किया है, यदि उन्हें टिकट नहीं मिला तो वे बीजेपी समेत अन्य विकल्प तलाश सकती है। इसी बीच उत्तराखंड महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सरिता आर्य की भाजपा जाने की अटकलें बढ़ती जा रही हैं। सूत्रों के अनुसार उन्होंने बीजेपी चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी से मुलाकात भी की है।
वहीं सरिता आर्य ने मुलाकात से इंकार किया है लेकिन ये भी कहा कि अगर बीजेपी उन्हें टिकट देगी तो वो जरूर बीजेपी में शामिल हो जाएंगी। बता दें कि सरिता आर्य पिछला चुनाव नैनीताल सुरक्षित सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ी थी, लेकिन इस बार उनका टिकट कटना तय माना जा रहा है। यशपाल आर्य के कांग्रेस में वापसी के बाद उनके बेटे संजीव आर्य को नैनीताल सीट से टिकट फाइनल माना जा रहा है। वे सिटिंग विधायक हैं।