राजस्थान में नए साल के समारोह व आतिशबाजी पर रोक,31 दिसंबर से एक जनवरी तक रात्रि कर्फ्यू !
कोरोना महामारी के संभावित खतरे को मद्देनजर रखते हुए राजस्थान सरकार ने नए साल की पूर्व संख्या पर आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों पर रोक लगा दी है। सरकार ने राजस्थान के 12 जिलों में 31 दिसंबर की रात आठ बजे से एक जनवरी सुबह छह बजे तक रात्रि कर्फ्यू की घोषणा की है। यह कर्फ्यू जयपुर, जोधपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर, बीकानेर, भीलवाड़ा, नागौर, पाली, टोंक, सीकर व श्रीगंगानगर में लागू किया गया है।
इन शहरों के साथ ही इनके तहत आने वाली नगर पालिका क्षेत्रों में नये साल की पूर्व संख्या पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों पर भी रोक लगी रहेगी। उल्लेखनीय है कि उदयपुर,जैसलमेर ,जयपुर, जोधपुर, अजमेर व बीकानेर में बहुतायात में देश और विदेश के विभिन्न हिस्सों से नया साल मनाने के लिए पर्यटक आते हैं। उदयपुर की होटलों में भी इस बार बुकिंग हो गई थी। लेकिन राजस्थान सरकार के नए आदेश के बाद होटलों के पास बुकिंग रद्द करने के अलावा कोई विकल्प नहीं दिखता है।