जयपुर के अस्पताल में कोरोना संदिग्ध मरीज आने पर पूरा हॉस्पिटल हुआ खाली,अन्य मरीज डर से भागे !
राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक अस्पताल में जैसे ही कोरोना पीड़ित संदिग्धओं को भर्ती कराया गया, उसके 24 घंटे के भीतर ही पूरा अस्पताल खाली हो गया। मामला प्रताप नगर स्थित राजस्थान यूनिवर्सिटी एंड हेल्थ साइंसेज हॉस्पिटल का है। अस्पताल में मंगलवार रात को कोरोना के 9 संदिग्धों को शिफ्ट किया गया था।
अस्पताल के वॉर्ड नंबर 286 में संदिग्धों के एडमिट होने की बात जैसे ही इस 10 मंजिला अस्पताल में फैली, सभी मरीज छुट्टी लेकर अस्पताल छोड़ने लगे। जनरल वॉर्ड ही नहीं, आईसीयू के मरीज भी अस्पताल में नहीं रुके।खास बात ये कि जिस वॉर्ड में कोरोना संदिग्धों को रखा गया है, वह हॉस्पिटल की दूसरी मंजिल पर है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, कोरोना वॉर्ड में दो नर्स और एक वॉर्ड बॉय की ड्यूटी लगाई गई है, लेकिन इनके पास कोरोना से बचाव के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं है। इन्हें जो मास्क दिए गए हैं, उनकी क्वॉलिटी भी खास बेहतर नहीं है।
हॉस्पिटल के कर्मचारी भी वहां रुकने को तैयार नहीं है। उन्हें डर है कि कहीं वे भी संक्रमित न हो जाएं। जा हॉस्पिटल के ओपीडी में रोजाना लगभग 500 मरीज आते थे लेकिन बुधवार को यह संख्या 60-70 तक पहुंच गई। हॉस्पिटल के पुरुष वॉर्ड के सभी 11 मरीज और जनरल वॉर्ड के 6 मरीज भी छुट्टी लेकर हॉस्पिटल से निकल गए।