अखिल भारतीय और राज्य सेवा के अधिकारी बनेंगे स्कूल-हॉस्टल के गार्जियन !
जयपुर, 18 सितम्बर: जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग ने अखिल भारतीय और राज्य सेवा के अधिकारियों को विभागीय विद्यालयों और छात्रावासों का गार्जियन बनाने की नई पहल की है। इससे शिक्षकों और विद्यार्थियों में नए उत्साह और प्रेरणा का संचार होगा, वहीं अधिकारियों को नवाचार और सृजनशीलता दिखाने का व्यापक मौका मिल सकेगा।
जनजाति क्षेत्रीय विकास राज्य मंत्री अर्जुन सिंह बामनिया ने बताया कि प्रदेश के अनुसूचित जनजाति समुदाय विशेषकर जनजाति उपयोजना(टीएसपी) क्षेत्र में रह रहे लोगों का शिक्षा, रोजगार एवं व्यवसाय में प्रतिनिधित्व बढ़ाने के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय विद्यालयों के माध्यम से महती प्रयास किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन, पुलिस एवं अन्य अधिकारियों की ओर से इन विद्यालयों और छात्रावासों का निरीक्षण किया जाता है। इस दौरान शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से चर्चा कर उनकी उन्नति के लिए विभिन्न बहुमूल्य सुझाव दिए जाते हैं। इस अनौपचारिक भ्रमण एवं चर्चा को औपचारिक एवं संस्थागत स्वरूप प्रदान कर ज्यादा कारगर बनाने के लिए नई पहल की गई है।
उन्होंने बताया कि सभी जिला कलक्टर्स को अखिल भारतीय सेवा एवं राज्य सेवा के अधिकारियों तथा अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों को स्कूल एवं हॉस्टल गार्जियन मनोनीत करने के निर्देश दिये गए हैं, ताकि इन संस्थाओं को जिला प्रशासन का ज्यादा संबल, सहयोग एवं मार्गदर्शन मिल सके। इससे शिक्षकों तथा विद्यार्थियों को इन उत्साही एवं उपलब्धि प्राप्त अधिकारियों का नियमित सम्पर्क एवं मार्गदर्शन मिलेगा। साथ ही अधिकारी भी अपने कार्य क्षेत्र से इतर नवाचार तथा सृजनशीलता दिखा सकेंगे।

https://play.google.com/store/apps/details?id=com.wincompete&hl=en
गार्जियन हर माह संस्था का भ्रमण कर शिक्षकों एवं छात्रों का मार्गदर्शन करेंगे
जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजेश्वर सिंह ने गार्जियन के रूप में मनोनीत अधिकारियों से अपेक्षित कार्यवाही को रेखांकित करते हुए बताया कि यह अधिकारी हर माह इन संस्थाओं का भ्रमण कर शिक्षकों एवं छात्रों का मार्गदर्शन करेंगे। उनसे चर्चा कर छात्रों के शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद संबंधी विकास के लिए परामर्श देंगे। विद्यार्थियों को कोर्स एवं कैरियर के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान करेंगे तथा इस संबंध में विशेषज्ञों को बुलाकर चर्चा करवाएंगे। कैम्पस केे विकास एवं सौन्दर्यकरण के लिए महत्वपूर्ण सुझाव देंगे। वहां आयोजित विभिन्न उत्सव, समारोह एवं कार्यक्रमों में भाग लेकर उत्साहवद्र्धन करेंगे।
गंभीर अनियमितता एवं समस्या से उच्चाधिकारियों को अवगत कराएंगे
राजेश्वर सिंह ने बताया कि गार्जियन बने अधिकारी स्कूल एवं हॉस्टल के परामर्शदात्री भूमिका में कार्य करेंगे। उनकी ओर से विद्यालय तथा छात्रावास प्रशासन में हस्तक्षेप नहीं किया जाएगा, लेकिन कोई गंभीर अनियमितता मिलने पर विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव तथा आयुक्त के ध्यान में लाया जा सकेगा। साथ ही समस्या समाधान के लिए विभागीय आयुक्त, उपायुक्त एवं अन्य संबंधित अधिकारी को सूचित करेंगे।
442 संस्थाओं में करीब 37 हजार बालक-बालिकाएं अध्ययनरत
उल्लेखनीय है कि जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग की ओर से प्रदेशभर में 372 आश्रम छात्रावास, 21 एकलव्य मॉडल आवासीय स्कूल, 21 आवासीय स्कूल, 2 पब्लिक मॉडल स्कूल, 13 खेल छात्रावास, 7 कॉलेज छात्रावास एवं 6 बालिका बहुउद्देशीय छात्रावास सहित कुल 442 संस्थाएं संचालित की जा रही है। इनमें जनजाति समुदाय के करीब 37 हजार बालक-बालिकाएं अध्ययनरत एवं आवासरत हैं।
Disclaimer : All the information on this website is published in good faith and for general information purpose only. www.newsagencyindia.com does not make any warranties about the completeness, reliability and accuracy of this information. Any action you take upon the information you find on this website www.newsagencyindia.com , is strictly at your own risk.