ग़ज़नवी मिसाइल का सफल परीक्षण किया पाकिस्तान ने !
भारत प्रशासित कश्मीर से अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाए जाने के बाद से इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार उठाने की कोशिशों में जुटे पाकिस्तान ने अब अपनी बैलेस्टिक मिसाइल ग़ज़नवी का परीक्षण किया है। पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इस परीक्षण की पुष्टि की गई है और इस परीक्षण का एक वीडियो भी ट्वीट किया गया है।
इस ट्वीट में बताया गया है कि ग़ज़नवी मिसाइल 290 किलोमीटर तक मार कर सकती है। यह मिसाइल कई तरह के हथियारों को ले जाने में सक्षम है। साथ ही यह भी बताया गया है कि यह सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइल है। ट्वीट के मुताबिक इस सफल परीक्षण के बाद पाकिस्तानी राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने पूरी टीम को बधाई दी है।