देश भर में एयर गन सरेंडर अभियान चलाया जाएगा: अश्विनी चौबे
केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री श्री अश्विनी कुमार चौबे ने लोगों से पशु-पक्षियों का शिकार न करने की अपील करते हुए आज कहा कि देश भर में एयर गन सरेंडर अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस अभियान में सेवानिवृत्त वनकर्मियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, इत्यादि को जोड़ कर इसे तेज गति प्रदान की जाएगी।

श्री चौबे ने अरुणाचल सरकार के एयर गन सरेंडर अभियान को पशुओं एवं पक्षियों को अवैध शिकार से बचाने और उनके संरक्षण की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए इस अभियान के लिए अरुणाचल प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री मामा नटुंग को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस अभियान के परिणाम अत्यंत सकारात्मक रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश भर में यह अभियान शुरू किया जाएगा और इसके लिए राज्यों से भी अनुरोध किया जाएगा। मंत्री महोदय ईटानगर में आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे, जहां अरुणाचल प्रदेश के कुछ लोगों ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष अपने एयर गन सरेंडर किए।
एयर गन के लिए किसी लाइसेंस की आवश्यकता नहीं होती है। अत: ऐसी स्थिति में हमारे देश में हर जिले और गांव में अनगिनत लोग एयर गन के जरिए पक्षियों का शिकार करते रहते हैं। इस वजह से अनेक पक्षियों की संख्या बड़ी तेजी से घट रही है।
श्री चौबे ने ईटानगर जैविक उद्यान का भी निरीक्षण किया जो दुनिया का पहला हूलोक गिब्बन प्रजनन केंद्र है और इसके साथ ही इस प्रजाति को बचाने के लिए किए जा रहे ठोस कार्यों की समीक्षा की।
Disclaimer : All the information on this website is published in good faith and for general information purpose only. www.newsagencyindia.com does not make any warranties about the completeness, reliability and accuracy of this information. Any action you take upon the information you find on this website www.newsagencyindia.com , is strictly at your own risk

https://play.google.com/store/apps/details?id=com.wincompete&hl=en