नई दिल्ली , 30 सितम्बर 2022 : कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए आज नामांकन की आखिरी तारीख है। मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर ने कांग्रेस अध्यक्ष पद के नामांकन के साथ झारखंड के कांग्रेस नेता के एन त्रिपाठी ने भी नामांकन दाखिल किया।
इससे पहले दिग्विजय सिंह ने ऐलान कर दिया कि वे अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे। दिग्विजय सिंह ने ये ऐलान अध्यक्ष पद की रेस में मल्लिकार्जुन खड़गे के शामिल होने के बाद किया है। अब कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में मुकाबला मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस सांसद शशि थरूर और केएन त्रिपाठी के बीच रह गया है। नामांकन वापसी की आखिरी तारीख 8 अक्टूबर है।
राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष खड़गे के नामांकन के मौके पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अंबिका सोनी, पवन बंसल, आनंद शर्मा, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, मुकुल वासनिक, पृथ्वीराज चव्हाण,अविनाश पांडे, मनीष तिवारी, राजीव शुक्ला और रघुवीर मीणा समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।