उदयपुर में खाद्य प्रतिष्ठानों पर कार्यवाही, जांच हेतु लिए गए खाद्य नमूने के सैंपल
निर्जला एकादशी को व्रत के दौरान कांगनी आटे से बने व्यंजन खाने से बीमार होने की शिकायत मिलने के बाद जिला कलेक्टर चेतन देवड़ा के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ दिनेश खराड़ी ने फूड सेफ्टी ऑफिसर अशोक गुप्ता के साथ मय टीम शहर के विभिन प्रतिष्ठानों पर खाद्य नमूने लेते हुए सैंपलिंग की कार्यवाही की।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ दिनेश खराड़ी ने बताया कि कांगनी आटे से फूड प्वाइजनिंग होने पर शहर के धान मंडी, जगदीश चौक, राव जी का हाटा, जड़ियों की ओल, रामपुरा, हिरण मगरी इत्यादि क्षेत्रो के साथ साथ ग्रामीण क्षेत्र में मावली एवं वल्लभनगर से कई व्यक्ति कांगनी आटा खाने के पश्चात उल्टी, दस्त एवं चक्कर आने की शिकायतों के साथ अस्पताल में भर्ती हुए थे। फिलहाल उपचार उपरांत सभी मरीजों की स्थिति सामान्य है।
मरीजों से पूछताछ के दौरान उक्त आटे की खरीददारी शहर के चार प्रतिष्ठानों पर से किया जाना पाया गया जिसकी जांच हेतु आज मैसर्स ज्ञान ट्रेडर्स धान मंडी, मैसर्स खूबचंद ज्ञानमल लखारा चोक, मैसर्स गोविन्दराम जेउमल जड़ियों की ओल घंटाघर एवं मैसर्स सैफी ट्रेडिंग कंपनी सवीना पर आटे के सैंपल लेकर जांच हेतु भेजे गए हैं।
डॉक्टर खराड़ी ने बताया कि विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्र में घर-घर सर्वे भी किया जा रहा है शहर में आज कुल 664 घरो एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 403 घरों का सर्वे किया गया जिसमें कोई गंभीर मरीज नहीं पाया गया है साथ ही सर्वे टीम द्वारा लोगों को अभी घर में रखे कांगनी के आटे का सेवन नहीं करने की भी सलाह दी जा रही है।
Disclaimer : All the information on this website is published in good faith and for general information purpose only. www.newsagencyindia.com does not make any warranties about the completeness, reliability and accuracy of this information. Any action you take upon the information you find on this website www.newsagencyindia.com , is strictly at your own risk

https://play.google.com/store/apps/details?id=com.wincompete&hl=en