नई दिल्ली। 22 दिसम्बर को म्यूजिक कंपनी सारेगामा ने सनी लियोनी और कनिका कपूर के मधुबन में राधिका नाचे गाने के विवादित बोल वाला पार्टी सॉग रिलीज किया था। लेकिन इस गाने में हिंदुओं की आस्था का मजाक उड़ाने की बात को लेकर सोशल में मीडिया पर बवाल हो गया है। विवाद बढ़ने के बाद म्यूजिक कंपनी सारेगामा ने गाने को 3 दिन में बदलने का ऐलान किया है। इस मधुबन गाने को लेकर देशभर में तीखी प्रतिक्रिया हुई। वृंदावन के संतों ने हिंदुओं की आस्था के साथ बार-बार खिलवाड़ पर नाराजगी जताते हुए गाने पर रोक लगाकर इसके कलाकारों पर कार्रवाई की मांग की है।
मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी अपनी नाराजगी इस गाने को लेकर जताई है। साथ ही गृह मंत्री मिश्रा ने कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने ट्वीट कर लिखा है कि कुछ विधर्मी लगातार हिंदू भावनाओं को आहत कर रहे है। मधुबन में राधिका नाचे ऐसा ही प्रयास है।
इस गाने में सनी लियोन के डांस को अश्लील बताते हुए मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने यह भी कहा था कि इस कंट्रोवर्शियल डांस वीडियो को हटाए नहीं तो कार्रवाई की जाएगी। उत्तर प्रदेश के मथुरा में 2 संगठनों ने सनी लियोन पर अश्लील डांस करने और धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया है। सनी लियोनी का पुतला जलाने की भी कोशिश हुई है।